सरायकेला: जमशेदपुर शहर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस बड़ी कामयाबी की ओर बढ़ती नजर आ रही है. अब तक सामने आ रही जानकारियों के मुताबिक इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस जल्द चौंकाने वाला खुलासा कर सकती है. हालांकि पुलिस की ओर से संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने या उनकी पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.


फिलहाल निखार सबलोक के पिता के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है.
सूत्रों का यह भी दावा है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों में एक पूर्व का अपराधी भी शामिल है. पुलिस उससे हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आने के कारण हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
पुलिस की जांच अब हत्या के कारण, घटनाक्रम और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान पर केंद्रित है. माना जा रहा है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जुड़ने के बाद इस चर्चित हत्याकांड से पर्दा उठ सकता है.
गौरतलब है कि सोमवार को सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल के पास जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. निखार होटल में एक मीटिंग के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गंभीर रूप से घायल निखार को तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल से पुलिस ने खाली कारतूस भी बरामद किए थे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुट गई थी. पुलिस इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर जांच कर रही है.

