जामताड़ा: जिले के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत होने से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सीय लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ. बाद में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग जाम कर दिया.


जानकारी के अनुसार महिला को प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से समय पर उचित इलाज नहीं किया गया. हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही गई. बाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाया और मामले की जांच का आश्वासन दिया. काफी मशक्कत के बाद सड़क से जाम हटाया गया.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला की मौत की वास्तविक वजह और इलाज में लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा. वहीं परिजन निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

