
रामगढ़: झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है. रामगढ़ पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिव को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस कार्रवाई से गैंग के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है.


जानकारी के अनुसार, रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के नेतृत्व में भुरकुंडा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया. पुलिस को सूचना मिली थी कि हाल ही में जेल से बाहर आया प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य शिवराज उर्फ शिव किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है.
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख शिवराज ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
घायल आरोपी को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि शिवराज पहले राहुल दुबे गैंग से जुड़ा रहा है और वर्तमान में प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य बनकर काम कर रहा था. पुलिस ने उसके कब्जे से दो हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है. कार्रवाई के दौरान उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं.

शिवचरण उर्फ शिवा
पुलिस का कहना है कि धनबाद से लेकर रामगढ़ तक प्रिंस खान गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





