
जमशेदपुर: समाज सेवा की भावना को साकार करते हुए नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के रोटरैक्ट क्लब ने जरूरतमंद, वंचित और बेसहारा लोगों के बीच सैंडविच वितरण अभियान चलाया. इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 660 ताजे सैंडविच वितरित किए गए. अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने के साथ-साथ सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश देना था.


रोटरैक्ट क्लब के स्वयंसेवकों ने टाटानगर रेलवे स्टेशन, स्टेशन परिसर, विभिन्न झुग्गी-बस्तियों, बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर, साकची गोलचक्कर तथा बिष्टुपुर के अन्य इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों, बच्चों और बेसहारा परिवारों के बीच सम्मानपूर्वक सैंडविच वितरित किए. इस दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों की समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया.
इस सेवा अभियान में क्लब के 18 स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. सभी स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ अभियान को सफल बनाया. अभियान के दौरान जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली.
क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्ग के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गरीब, जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के लिए इसी तरह के सेवा कार्य लगातार आयोजित किए जाएंगे.
Edited By Sarita





