रामगढ़: मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुभाष चौक के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर कुल 22.200 किलोग्राम गांजा, दो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है.


पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया.
उन्होंने बताया पुलिस टीम सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने गुमटी के पास पहुंची. पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान रितेश कुमार (20), पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के रूप में हुई.
गुमटी की तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया. इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई, जहां 16 अलग-अलग पैकेटों में 21.300 किलोग्राम गांजा मिला. इस तरह पुलिस ने कुल 22.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया.
गांजा के परिवहन में इस्तेमाल ऑल्टो कार JH2V- 2425 और अर्टिगा वाहन JH24N- 2425 को भी पुलिस ने जब्त किया है. मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 216/ 2026 दर्ज किया गया है.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. साथ ही गांजा की सप्लाई कहां से हुई और इसकी खपत कहां होनी थी, इसका पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है.

