जामताड़ा: सदर अस्पताल के पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया और चमेली देवी के पुत्र स्मृतिशेष डॉ. अभिषेक कुमार ‘छोटू’ की आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को सदर अस्पताल जामताड़ा और पारस हॉस्पिटल में मरीजों के बीच फल का वितरण किया गया.


सदर अस्पताल में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने डॉ. अभिषेक कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उनके व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति सेवाभाव को याद किया गया.
डॉ. अभिषेक कुमार की माता एवं झामुमो नेत्री चमेली देवी ने कहा कि डॉ. अभिषेक भले ही आज उनके बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन अपने सरल, सहज और सेवाभावी व्यक्तित्व के कारण वे लोगों के दिलों में आज भी जीवित हैं. चिकित्सक के रूप में मरीजों की आत्मीयता और समर्पण के साथ सेवा करना उनके जीवन की विशेष पहचान थी.

उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके सेवा-भाव को याद करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. आठ वर्ष बीत जाने के बावजूद उनकी स्मृतियां परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और जामताड़ा के लोगों के बीच जीवंत हैं.
कार्यक्रम में सीनियर एचएम विनीत कुमार, डॉ. रामनेंदु गोरेई, आशीष कुमार चौबे (पुट्टू दा), पारस हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राकेश चौबे, डॉ. आरआर चौबे, शुभेंदु मुखर्जी, झामुमो जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल, भूपेश गुप्ता, अभिषेक तिवारी, जीतू सिंह, अजय पांडेय समेत साहिया हेल्प डेस्क के कर्मी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
इस दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. अभिषेक कुमार के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही उनके सेवा-भाव को आगे बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

