खरसावां: झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर खरसावां में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान खरसावां विधायक दशरथ गागराई, समाजसेवी बासंती गागराई समेत झामुमो कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.


विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन झारखंड आंदोलन की मजबूत आवाज और जनसरोकारों से जुड़े लोकप्रिय नेता थे. उन्होंने शिक्षा, आदिवासी समाज, गरीबों और वंचित वर्गों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए. उनके संघर्ष और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.
समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि रामदास सोरेन का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक था. शिक्षा के क्षेत्र में उनकी पहल से हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला. उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज एवं राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सामाड, ललन तिवारी, रमेश महतो, राजेश दलबेहरा, खिरोद महतो, पिंटू महतो, अखर जिया, मो. सलाम, मो. राजू समेत झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

