जमशेदपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने परेड का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.


अपने संबोधन में उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी भी है. विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को अवसर और महिलाओं को आत्मनिर्भरता प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है.

उपायुक्त ने पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, नगर विकास और अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी.

समारोह में वीर नारी कनकलता, शहीद नायक अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी को सम्मानित किया गया. इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, निर्वाचन और पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. परेड में रैंजर बालिका दल ने प्रथम, स्काउट बालक दल ने द्वितीय और गाइड बालिका दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया.

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त आवास, समाहरणालय, रेडक्रॉस भवन, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं आवास, पुलिस लाइन, आईटीडीए कार्यालय, धालभूम और घाटशिला अनुमंडल कार्यालय सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया.

