
जामताड़ा: भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत मंगलवार को जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय परिसर में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों, वार्ड पार्षदों तथा स्वच्छता कर्मियों ने भाग लेकर जल की प्रत्येक बूंद बचाने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया.


शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने, वर्षा जल के संग्रहण को प्रोत्साहित करने तथा आम नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दोहराया. अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है. ऐसे में वर्षा जल का संरक्षण और उसका प्रभावी उपयोग भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, संस्थान और कार्यस्थल पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाए और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करे, तो आने वाले समय में जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है.
नगर पंचायत के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे वर्षा जल संचयन की तकनीकों को अपनाएं, जल की अनावश्यक बर्बादी रोकें तथा अपने आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि ‘कैच द रेन’ अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने तथा वर्षा जल संचयन को व्यापक जन अभियान बनाने का संकल्प दोहराया.
इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, नगर प्रबंधक निर्मल आशीष, महफूजुर रहमान, सौरभ झा, नितांत महतो, नसीम अंसारी, सफाई जमादार सहित नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड पार्षद एवं बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





