
जामताड़ा: नगर पंचायत जामताड़ा कार्यालय परिसर में मंगलवार को नमस्ते (NAMASTE) योजना की वर्षगांठ के अवसर पर सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नगर पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई.


कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, नगर प्रबंधक निर्मल कुमार आशीष, रहमान सहित नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नमस्ते (National Action for Mechanized Sanitation Ecosystem) योजना का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, उनकी गरिमा की रक्षा करना तथा उन्हें स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के ऐसे योद्धा हैं, जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों को कार्य के समय व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों और अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक कर्मी इनका लाभ उठा सकें.
कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने कहा कि नगर पंचायत स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के बिना स्वच्छ शहर की कल्पना संभव नहीं है. इसलिए उनके कार्यस्थल को सुरक्षित बनाना और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और उनके समर्पण, मेहनत तथा सेवा भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





