राजनगर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनगर थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया. थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ तथा उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया.


इस अवसर पर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस और आम जनता के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है.
समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार, स्कूली छात्र- छात्राएं, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. छात्रों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से थाना परिसर गूंज उठा. अंत में थाना प्रभारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देशहित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की.

