राजनगर: नवपदस्थापित राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार से समाजसेवी अजय कुमार गोप ने मुलाकात कर नई जिम्मेदारी संभालने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.


मुलाकात के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया. अजय कुमार गोप ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. इसके लिए पुलिस प्रशासन और जनता के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास को मजबूत करना आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने की जरूरत है. साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी पहल जरूरी है.
अजय कुमार गोप ने उम्मीद जताई कि थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में राजनगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी. मौके पर शंकर सरदार भी मौजूद थे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

