राजनगर: प्रखंड कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थापित थाना प्रभारी सोनू कुमार से मुलाकात कर उनका स्वागत किया. कांग्रेस नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई.


इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजनगर प्रखंड की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर थाना प्रभारी के साथ चर्चा की. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल और मजबूत किया जा सकता है.
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों की समस्याओं पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना को देने की अपील की.
मौके पर राजनगर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश महतो, जिला उपाध्यक्ष डोमन महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष पापु रॉय, जिला महासचिव भूटा राउत एवं बादल टुडू मौजूद थे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

