राजनगर: प्रखंड से जन वितरण प्रणाली के डीलरों का दल शनिवार को फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, झारखंड की प्रदेशस्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए रांची रवाना हुआ. दल का नेतृत्व फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन झारखंड के जिला महामंत्री सह प्रदेश संगठन सचिव पप्पू कुमार कर रहे हैं.


रांची के अशोक नगर स्थित मंदिर परिसर में आयोजित प्रदेशस्तरीय बैठक में राज्यभर के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की जाएगी. बैठक में सर्वर की समस्या, ई-पॉस मशीन में आ रही तकनीकी दिक्कतें, पेपरलेस व्यवस्था, कमीशन और मानदेय सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है.
30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग
एसोसिएशन की ओर से जन वितरण प्रणाली के डीलरों के लिए 30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग भी बैठक में प्रमुखता से रखे जाने की बात कही गई है. इसके अलावा डीलरों को काम करने के दौरान आ रही व्यवहारिक परेशानियों और तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी चर्चा होगी.
बैठक में डीलरों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर प्रदेश
स्तर पर आगे की रणनीति तय करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.
बड़ी संख्या में डीलरों के शामिल होने की उम्मीद
रांची रवाना होने वाले डीलरों में पप्पू कुमार के अलावा अमन बिरली, विष्णु मुर्मू, संदीप महतो, गुरचरण तांपे, अर्जुन प्रधान, बंसी सरदार सहित अन्य डीलर शामिल हैं.
पप्पू कुमार ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदार सरकार की महत्वपूर्ण व्यवस्था को जमीनी स्तर पर संचालित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. गरीब और जरूरतमंद लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने में डीलर महत्वपूर्ण कड़ी हैं. ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ सम्मानजनक मानदेय और बेहतर कार्य व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि प्रदेशस्तरीय बैठक में डीलरों की समस्याओं को मजबूती से रखा जाएगा और सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर आगे की रणनीति तय की जाएगी.
बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है.

