जामताड़ा: खेलो झारखंड स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के राज्य स्तरीय मुकाबले में जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के युवा खिलाड़ी आकाश मुर्मू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है. रांची में आयोजित अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सहारडाल के कक्षा नौवीं के छात्र आकाश ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा की छाप छोड़ी. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय लौटे आकाश का शिक्षकों और सहपाठियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया. उसकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ मिहिजाम और आसपास के क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है. शिक्षकों ने आकाश को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उसकी मेहनत की सराहना की.


खेल शिक्षक के मार्गदर्शन में निखरी प्रतिभा
आकाश की इस सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षक अभिजीत मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में आकाश ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर अपनी खेल क्षमता को निखारा. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचना उसकी लगन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है.
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार मेहता समेत अन्य शिक्षकों ने कहा कि खेल केवल जीत-हार या प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है. खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करने का जज्बा पैदा करता है. राज्य स्तरीय मंच पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करना भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि है.
आकाश की उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों में बढ़ा उत्साह
आकाश की सफलता से विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है. शिक्षकों को उम्मीद है कि आकाश की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर दूसरे विद्यार्थी भी खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे. विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के साथ आकाश आने वाले दिनों में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय, मिहिजाम और जामताड़ा जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

