जामताड़ा: जामताड़ा- चितरा को जोड़ने वाले व्यस्त मार्ग पर पुलिस लाइन के समीप सड़क तक फैला बांस का झुंड किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है. सड़क किनारे उगा बांस अब मार्ग के हिस्से तक पहुंच चुका है, जिससे सड़क की चौड़ाई घट गयी है. लगातार वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.


सड़क पर फैल चुका बांस वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है. खासकर जब दो बड़े वाहन आमने-सामने से गुजरते हैं तो दोनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती. ऐसी स्थिति में चालकों को अचानक वाहन सड़क के दूसरे हिस्से की ओर मोड़ना पड़ता है. इसी दौरान दोपहिया वाहन या पैदल राहगीर चपेट में आ सकते हैं.
धीरे-धीरे सड़क निगल रहा बांस का झुंड
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे मौजूद बांस का फैलाव अचानक नहीं हुआ है. समय के साथ इसकी शाखाएं और झुरमुट सड़क की ओर बढ़ते गये, लेकिन इसकी कटाई-छंटाई पर ध्यान नहीं दिया गया. अब स्थिति यह है कि बांस सड़क के एक हिस्से पर झुक चुका है और आवागमन के लिए उपलब्ध जगह लगातार कम हो रही है.
सुबह और शाम के व्यस्त समय में इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है. ऐसे में सड़क पर फैला बांस छोटी सी चूक को भी बड़े हादसे में बदल सकता है. लोगों का कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही खतरे को खत्म करना चाहिए.
‘हादसे के बाद जागेगा विभाग?’
समाजसेवी अकीब खान ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि सड़क पर फैला बांस यातायात के लिए सीधा खतरा है. इसकी तत्काल कटाई-छंटाई कर सड़क को पूरी चौड़ाई में यातायात के लिए सुरक्षित किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि केवल बांस हटाना ही पर्याप्त नहीं होगा. सड़क किनारे उगे पेड़-पौधों की नियमित कटाई-छंटाई के लिए स्थायी व्यवस्था जरूरी है, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो. स्थानीय लोगों ने चेताया है कि यदि समय रहते बांस को नहीं हटाया गया तो किसी बड़े हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा. लोगों ने संबंधित विभाग से अविलंब कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

