राजनगर: सावन माह की पावन बेला में शुक्रवार को सिद्धेश्वर कांवरिया बम, राजनगर की पहली कांवर यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुई. यात्रा के शुभारंभ के दौरान “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के गगनभेदी जयघोष से पूरा राजनगर शिवमय हो उठा.


कांवर यात्रा का पहला पड़ाव गोविंदपुर में रहा, जहां सभी श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ सहित विभिन्न मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय यात्रा की कामना की. इसके बाद शिवभक्तों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ, जहां पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा.
श्रद्धालुओं ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे, अनुशासन और सनातन संस्कृति का भी सशक्त प्रतीक है. पूरे मार्ग में शिवभक्तों में अपार उत्साह, सेवा भाव और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला.
इस अवसर पर सनत दास, स्वरूप आचार्य, संजीव प्रधान, रिंकू डे, तारकनाथ राउत, अरुण प्रधान सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल हुए. सभी श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए अपनी पावन यात्रा प्रारंभ की.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





