राजनगर: प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने केन्दमुड़ी गांव में एक गरीब परिवार से उसका आशियाना छीन लिया. केन्दमुड़ी पंचायत की वृद्ध महिला रहनी भगत और उनकी विधवा बहू कमलिनी भगत का जर्जर खपरैल का मकान बारिश के बीच अचानक ध्वस्त हो गया. मकान गिरने के बाद दोनों महिलाओं के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.



बताया जा रहा है कि स्वर्गीय रविंद्र नाथ भगत की पत्नी रहनी भगत अपनी विधवा बहू के साथ इसी पुराने मकान में रह रही थीं. दोनों महिलाओं के पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है. परिवार में सहारा देने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं होने के कारण दोनों बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रही थीं.
लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया. गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई. लेकिन मकान ध्वस्त होने के बाद दोनों महिलाओं के सिर से छत छिन गई है और बरसात के इस मौसम में सुरक्षित आश्रय सबसे बड़ी चुनौती बन गया है.
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता देने और सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराने की मांग की है. साथ ही आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है.
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की है. अब सवाल यह है कि बारिश में अपना आशियाना गंवा चुकी इन दो बेसहारा महिलाओं तक सरकारी मदद कब पहुंचती है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





