बोकारो: माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना में साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की गोली लगने से मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि बच्चा अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट की जिद कर रहा था, इसी दौरान उसे खेलने के लिए पिस्तौल दे दी गई. अचानक गोली चलने से साहिल के सिर में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.


घटना के बाद परिजन और बच्चे का मामा उसे आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल ले गए. बाद में बच्चे को चास स्थित मुस्कान अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
पिस्तौल कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
मृतक की मां सोभा देवी के मुताबिक उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पिस्तौल असली है. घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं घटना के बाद बच्चे का मामा अस्पताल से फरार बताया जा रहा है.
माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस घटना की परिस्थितियों के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि पिस्तौल किसकी थी, कहां से आई और वह बच्चे के हाथ तक कैसे पहुंची. मामले में आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

