
बोकारो: जिले के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत अंसारी मोहल्ला कब्रिस्तान के पास एक बंद चारदीवारी में चल रहे कथित जुआ अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, पुलिस के अनुसार मुख्य सरगना मौके से फरार होने में सफल रहा.


पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चास थाना पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 36,200 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, दो कॉपी, चार खुले ताश के गड्डे, दो पैक ताश के गड्डे तथा 01 से 09 तक अंक लिखे दो बैनर बरामद किए हैं. इसके अलावा चारदीवारी के बाहर खड़ी 10 दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है.
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार मुख्य आरोपी की तलाश भी की जा रही है.
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि जुआ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





