जमशेदपुर: 26 अगस्त को मनाए जाने वाले जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर जमशेदपुर शहर समेत सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल और कपाली में उत्साह का माहौल है. पर्व को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं. जगह-जगह आकर्षक सजावट की गई है और रंग-बिरंगी रोशनी से इलाके जगमगा उठे हैं.


इसी क्रम में बिष्टुपुर स्थित चुना शाह बाबा दरगाह शरीफ को भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया है. दरगाह शरीफ परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है. शाम होते ही दरगाह की आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है.
बताया गया कि बुधवार सुबह जमशेदपुर शहर के विभिन्न इलाकों के साथ चांडिल और कपाली से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा. जुलूस को लेकर मुस्लिम समुदाय के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. लोग इस पवित्र अवसर को लेकर अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं.
शहर के विभिन्न मार्गों से निकलने वाले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद है. जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत और सेवा की भी तैयारियां की जा रही हैं. जश्ने ईद मिलादुन्नबी को लेकर पूरा शहर धार्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है.
गौरतलब है कि जमशेदपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी के आयोजन की पुरानी परंपरा रही है. पूर्व के आयोजनों में भी बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते रहे हैं.
रिपोर्ट. अफरोज मलिक

