चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर स्टेशन पर शनिवार को मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के शौचालय में एक अज्ञात यात्री का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची. खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी.


जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12151 के S-7 कोच का शौचालय काफी देर से अंदर से बंद था. यात्रियों के दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. रोशनदान से देखने पर अंदर एक व्यक्ति फंदे से लटका दिखाई दिया. इसके बाद यात्रियों ने टीटीई को सूचना दी और मामला रेलवे कंट्रोल तक पहुंचाया गया.
चक्रधरपुर स्टेशन पर उतारा गया शव
ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने शौचालय का दरवाजा खुलवाया. रेलवे कर्मचारियों की मदद से शव को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर दो पर लाया गया. रेलवे अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यात्री अकेले सफर कर रहा था. वह कहां से ट्रेन में सवार हुआ और कहां जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. रेल पुलिस मृतक की पहचान के साथ घटना के कारणों की जांच कर रही है. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

