जामताड़ा: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और अव्यवस्था से बचाने के लिए कर्माटांड़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पर्व के मद्देनजर शनिवार को थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने और बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों को सख्त हिदायत दी गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


सड़क पर वाहन खड़ा किया तो कटेगा चालान
दुर्गापूजा के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई. अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वे सड़क, चौक-चौराहों और नो-पार्किंग वाले स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें. बेतरतीब पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान काटा जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य बाजार की सड़कों को आवागमन के लिए सुगम बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी से बचाना है.
*पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल*
यातायात व्यवस्था के साथ ही प्रशासन ने दुर्गापूजा पंडालों की सुरक्षा पर भी ध्यान केंद्रित किया. थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडालों की स्थिति, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर आवश्यक सुरक्षा उपायों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया.
आग से बचाव के लिए पंडालों में रखने होंगे सुरक्षा उपकरण
पंडालों में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा. पूजा समितियों को पंडाल परिसर में बालू भरी बाल्टियां और अग्निशामक यंत्र रखने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके. इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने को कहा गया.
प्रशासन ने पूजा समितियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है. अधिकारियों की सक्रियता से स्पष्ट है कि कर्माटांड़ में दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

