आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए आदित्यपुर में दुर्गा पूजा वॉच टावर का शनिवार को शुभारंभ किया गया. सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, गम्हरिया सीओ प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह शांति समिति सदस्य पुरेंद्र नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर वॉच टावर का उद्घाटन किया.


पुरेंद्र नारायण सिंह और समाज वैज्ञानिक रवींद्रनाथ चौबे ने अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा से लेकर विसर्जन जुलूस तक शांति समिति के सदस्य 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में मौजूद रहेंगे. वॉच टावर के समीप स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ आपातकालीन सेवा के लिए तैनात रहेगी.
तीन शिफ्ट में पुलिस बल, ड्रोन से भी निगरानी
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि वॉच टावर के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, आम लोगों की समस्याओं के समाधान और ट्रैफिक प्रबंधन पर नजर रखी जाएगी.
सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि आगामी चार दिनों तक विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी. वहीं थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि तीन शिफ्टों में 24 घंटे पुलिस बल और महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे. इमली मैदान सहित अधिक भीड़ वाले संवेदनशील इलाकों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है.
मौके पर रवींद्रनाथ चौबे, रविंद्र कुमार सिन्हा, संजय सिंह, देव प्रकाश देवता, उदित यादव, प्रभात रंजन, संतोष कुमार सिंह, प्रभास कुमार झा, विपिन बिहारी प्रसाद, सेवानिवृत्त डीएसपी सरयू पासवान सहित शांति समिति के सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे. अंत में शिक्षाविद एसडी प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

