
आदित्यपुर: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल, आदित्यपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. के. सिंह से आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गुरुवार को शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं कोल्हान क्षेत्र के श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.


मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने अस्पताल में वर्तमान 50 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 100 बेड करने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं. ऐसे में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में बेड की क्षमता बढ़ाना समय की आवश्यकता है.
उन्होंने यह भी मांग की कि गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के विभिन्न सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में रेफरल की सुविधा जल्द शुरू की जाए, ताकि श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
इस पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. के. सिंह ने बताया कि अस्पताल में बेड की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 करने की प्रक्रिया मंत्रालय स्तर पर चल रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही इसकी स्वीकृति मिल जाएगी.
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आवश्यकता पड़ने पर कोल्हान के श्रमिकों को जमशेदपुर के दो-तीन सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में रेफर करने की सुविधा बहाल करने की प्रक्रिया भी क्षेत्रीय कार्यालय, रांची स्तर पर जारी है. इसके पूरा होने के बाद श्रमिकों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा.
Edited By Sarita





