सरायकेला: थाना क्षेत्र के सीनी निवासी सैयद अफसर ने अपनी बहादुरी, अदम्य साहस और देशसेवा के जज्बे से क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. सशस्त्र सीमा बल में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर तैनात सैयद अफसर को वीरता और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है.


भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सैयद अफसर को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया. यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होने के साथ-साथ सीनी, सरायकेला-खरसावां और पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है.
सैयद अफसर को मिले इस सम्मान से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों के साथ पूरे सीनी क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है. देश की सुरक्षा और सेवा के लिए उनके अदम्य साहस को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान ने युवाओं के सामने देशसेवा की प्रेरणादायी मिसाल पेश की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सैयद अफसर ने अपनी वीरता और राष्ट्रसेवा से सीनी की पहचान को नई ऊंचाई दी है. उनकी उपलब्धि को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह है.
क्षेत्रवासियों ने झारखंड सरकार से भी सैयद अफसर की इस असाधारण उपलब्धि को देखते हुए उन्हें राज्य स्तर पर विशेष सम्मान और पुरस्कार देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इससे उनकी वीरता को उचित सम्मान मिलेगा और राज्य के अन्य युवाओं को भी देशसेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी.
सीनी के इस वीर सपूत की बहादुरी, साहस और राष्ट्रसेवा को क्षेत्रवासियों ने सलाम किया है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

