आदित्यपुर:लगातार हो रही बारिश के कारण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित आसंगी ओड़िया मध्य विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. विद्यालय परिसर और मुख्य मैदान में बारिश का पानी जमा होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.


समस्या के समाधान की मांग को लेकर झारखंड युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विवकी ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को आवेदन सौंपा. आवेदन में उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर और आसपास के रास्तों में उचित नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है.
जलजमाव के कारण विद्यालय परिसर में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है. साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है.
सोमदेव प्रधान ने नगर निगम प्रशासन से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और विद्यालय की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जलजमाव की समस्या का तत्काल समाधान करने तथा समुचित एवं स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को भी सौंपी गई है.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

