सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बिगड़ती कचरा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर वार्ड पार्षदों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है. वार्ड संख्या 29 की पार्षद अर्चना सिंह के नेतृत्व में कई वार्ड पार्षदों ने शनिवार को उपायुक्त नीतीश कुमार से मुलाकात कर शहर में लगातार बढ़ती गंदगी, कचरे के अनियमित उठाव और कचरा निस्तारण के लिए स्थायी स्थल नहीं होने की गंभीर समस्या से अवगत कराया.


पार्षदों ने कहा कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है. वहीं, कचरे के निस्तारण और डंपिंग के लिए उचित एवं निर्धारित स्थल नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर जमा हो रहे हैं. कई स्थानों पर लोग मजबूरी में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों के किनारे कचरा जमा करने को विवश हैं.
बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है. कचरे से निकलने वाली दुर्गंध, मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और गंदगी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पार्षदों ने कहा कि समय रहते ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है.
पार्षदों ने उपायुक्त से सभी वार्डों में नियमित और समयबद्ध कचरा उठाव सुनिश्चित करने, कचरे के निस्तारण के लिए उचित एवं स्थायी स्थल निर्धारित करने, विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे का विशेष अभियान चलाकर तत्काल उठाव कराने तथा भविष्य में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा जमा नहीं हो, इसके लिए स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग की.
वार्ड संख्या 29 की पार्षद अर्चना सिंह ने कहा कि जनता लंबे समय से गंदगी की समस्या झेल रही है और वार्ड की जनता का ताना उन्हें रोज सुनना पड़ रहा है. वार्ड पार्षद लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन यदि अब भी उनकी बात नहीं सुनी गई और समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्षद चुप नहीं बैठेंगे.
अर्चना सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड के लोगों के साथ नगर निगम का घेराव करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि यह किसी एक वार्ड की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे नगर निगम क्षेत्र से जुड़ा जनहित का गंभीर मामला है. इसलिए नगर निगम प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है.
इस मांग को लेकर अर्चना सिंह के साथ वार्ड संख्या 27 की रिंकी, वार्ड संख्या 25 के उत्तर प्रधान, वार्ड संख्या 26 की वेदना गोप, वार्ड संख्या 34 की रीता देवी, वार्ड संख्या 11 की मंजू देवी, वार्ड संख्या 5 की विनीता कुमारी, वार्ड संख्या 14 की सुनीता बेरा, वार्ड संख्या 24 की राम मुखी, वार्ड संख्या 12 के मोती बिश्नोई, वार्ड संख्या 1 के बनमाली दास और वार्ड संख्या 4 के शुभम पांडेय सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे.
पार्षदों ने स्पष्ट किया कि कचरा उठाव और निस्तारण की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन को वार्ड स्तर से नगर निगम मुख्यालय तक ले जाया जाएगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)

