आदित्यपुर: ठोस कचरा प्रबंधन केवल नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है. नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को प्रभावी ढंग से लागू करने में पत्रकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. पत्रकार नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ व्यवस्था की कमियों और बेहतर प्रयासों को सामने लाकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ा सकते हैं.


शनिवार को आदित्यपुर के एक होटल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में क्षेत्रीय पत्रकारों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई. पत्र सूचना कार्यालय, (पीआईबी) रांची की ओर से आयोजित कार्यशाला में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों और स्थानीय स्तर पर उनके क्रियान्वयन की जानकारी दी गई.
स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने की जरूरत
कार्यशाला की अध्यक्षता मंत्रालय के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने की. उन्होंने कहा कि कचरे का उचित निस्तारण, स्रोत पर ही अलग-अलग कचरा रखना और स्वच्छता के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना जरूरी है. पत्रकार समाचार माध्यमों के जरिए नियमों और स्वच्छता से जुड़ी जानकारी समाज तक प्रभावी तरीके से पहुंचा सकते हैं. उन्होंने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों और जनजागरूकता कार्यक्रमों की भी जानकारी दी.

मुख्य अतिथि उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन वर्तमान समय की गंभीर चुनौती है. नए नियमों का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका असर जमीन पर दिखाई देगा. इसके लिए प्रशासन, नगर निकाय, ग्रामीण स्थानीय संस्थाओं, नागरिकों और पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी.
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. जहां बेहतर काम हो रहा है, उसे सामने लाने के साथ व्यवस्था में मौजूद कमियों की ओर भी जिम्मेदारी से ध्यान आकर्षित किया जाना चाहिए. स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बनाने की जरूरत है.
नए नियमों के प्रावधानों की दी जानकारी
पीआईबी की टीम के अनिल कुमार शर्मा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और अंतिम निस्तारण को अधिक वैज्ञानिक और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है. कार्यशाला के दौरान पत्रकारों ने पत्रकार कल्याण योजनाओं, सरकारी सुविधाओं, पात्रता और सहायता संबंधी प्रावधानों को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए.
कार्यक्रम में पद्मश्री छुटनी महतो, बाल संरक्षण पदाधिकारी सुप्रिया कुमारी शर्मा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, पत्र सूचना कार्यालय रांची के अधिकारी- कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकार उपस्थित रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

