जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मॉल के एक रेस्टोरेंट में बैठे चार युवकों को निशाना बनाकर बदमाशों ने गोलियां चलाईं. घटना में तीन युवक घायल हो गए.


बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की. अचानक हुई गोलीबारी से मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. गोली लगने से घायल तीनों युवकों को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है.

फिलहाल फायरिंग की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.

