जामताड़ा: मिहिजाम शहर के हटिया-केलाही रोड पर शनिवार उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब उत्तर प्रदेश से खैनी लोड कर मिहिजाम आ रहा एक ट्रक सड़क किनारे लगे घरेलू बिजली के तारों में फंस गया. ट्रक के तारों की चपेट में आते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर चालक को तत्काल ट्रक रोकने को कहा. समय रहते ट्रक रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया.


स्थानीय लोगों के अनुसार केलाही रोड स्थित पवन नामक खैनी व्यापारी के गोदाम में खैनी की खेप पहुंचाने के लिए ट्रक मिहिजाम आया था. हटिया-केलाही रोड से गुजरने के दौरान ट्रक ऊंचाई अधिक होने के कारण सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आ गया. तार ट्रक में उलझते ही आसपास मौजूद लोगों ने खतरा भांप लिया और चालक को रोकने के लिए आवाज लगायी. चालक ने किसी तरह ट्रक को रोक दिया.
इस दौरान ट्रक पर लदे खैनी के कई बोरे सड़क पर गिरकर बिखर गये. घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने के बाद संबंधित विभाग को सूचना देकर उसे दुरुस्त कराया गया.
पहले भी हो चुका है शॉर्ट सर्किट
स्थानीय लोगों ने बताया कि खैनी लदे वाहनों के कारण इस मार्ग पर बिजली के तारों में फंसने की घटना पहले भी हो चुकी है. लोगों का आरोप है कि पूर्व में भी ऐसे ही एक ट्रक की चपेट में आने से बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ था. इसके बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.
लोगों का कहना है कि हटिया-केलाही रोड पर बिजली के तार काफी नीचे हैं और भारी वाहनों के आवागमन के दौरान हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. शनिवार को भी अगर स्थानीय लोग समय रहते सतर्क नहीं होते और ट्रक को नहीं रुकवाते, तो बिजली के तार टूटकर सड़क पर गिर सकते थे और इसकी चपेट में राहगीर अथवा आसपास के लोग आ सकते थे.फिलहाल स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. घटना ने सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन और नीचे झूल रहे बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

