
छपरा: सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के पचरूखवा गांव में मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में छापेमारी की. इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने गांव निवासी निजाम अंसारी के घर पहुंचकर उनके बेटे सदाकत अंसारी से कई घंटों तक गहन पूछताछ की.


पूछताछ के बाद जांच टीम ने सदाकत अंसारी के मोबाइल फोन और लैपटॉप को जब्त कर सील कर लिया और अपने साथ ले गई. हालांकि, छापेमारी किस मामले में की गई, इस पर एनआईए के अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी. मशरक थाना प्रभारी उज्ज्वल कुमार ने भी जांच का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सदाकत अंसारी कंबोडिया में काम करता है. इलाके में चर्चा है कि मामला मानव तस्करी या साइबर अपराध से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
छापेमारी के दौरान एनआईए और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी. किसी भी व्यक्ति को घर के आसपास आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई. कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के बाद जांच टीम आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने साथ लेकर रवाना हो गई. फिलहाल एजेंसी जब्त किए गए उपकरणों की जांच कर रही है और मामले की पड़ताल जारी है.
Edited By Sarita





