सरायकेला: जमशेदपुर के युवा उद्यमी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस के हाथ अब तक कोई निर्णायक सुराग लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हत्याकांड को लेकर अफवाहों और कयासों का दौर जारी है. पुलिस की ओर से भी जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक करीब दर्जनभर संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि करीब आधा दर्जन लोगों को अलग-अलग स्थानों पर रखकर पूछताछ की जा रही है.


पुलिस सूत्रों की मानें तो अब तक की जांच में निखार की हत्या के पीछे जमीन विवाद होने की बात पुष्ट नहीं हुई है. इसके उलट अनुसंधान में एक दूसरा एंगल सामने आने की चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक जांच इस संभावना की ओर भी बढ़ रही है कि निखार वास्तविक टार्गेट नहीं था और अपराधियों के निशाने पर गैंगस्टर गणेश सिंह हो सकता था. निखार को गणेश सिंह का करीबी बताया जा रहा है. हालांकि इस थ्योरी की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जांच से जुड़े सूत्र इस वारदात के तार गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के प्रतिशोध से जुड़े होने की संभावना भी जता रहे हैं. इसी क्रम में अशोक सिंह राघव की कथित भूमिका की भी जांच किए जाने की बात सामने आ रही है. सूत्रों का दावा है कि दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अखिलेश सिंह से जुड़े रहे विक्रम शर्मा की हत्या के बाद से गणेश सिंह विरोधी गुट के निशाने पर था.
सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस पूरे नेटवर्क और हत्या में शामिल शूटरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए काम कर रही है. शूटरों की तलाश में तीन अलग-अलग टीमों को दूसरे राज्यों में भेजे जाने की बात भी सामने आ रही है. शुक्रवार को जांच में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक दावा नहीं किया है.
पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है. अभी न तो किसी शूटर की गिरफ्तारी हुई है और न ही यह पुष्टि हुई है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद था. जांच में एक एंगल मिला है, जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस ने हत्याकांड को लेकर संभावनाओं और कयासों से बचने की अपील की है.
फिलहाल पुलिस की आधिकारिक पुष्टि से पहले निखार के वास्तविक टार्गेट होने अथवा किसी गैंगवार या प्रतिशोध की साजिश से जुड़े दावों को अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता. पुलिस की जांच पूरी होने और आधिकारिक खुलासे के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
गौरतलब है कि जमशेदपुर के युवा उद्यमी निखार सबलोक की चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th Mile Stone होटल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद निखार के पिता की शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है. हत्याकांड के बाद से जमीन विवाद, गैंगवार और अन्य संभावित कारणों को लेकर अलग- अलग चर्चाएं चल रही हैं. विभिन्न मीडिया समूहों की रिपोर्टों में मामले में संदिग्धों अथवा कथित शूटरों की गिरफ्तारी के दावे भी सामने आए हैं. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी शूटर की गिरफ्तारी नहीं हुई है और हत्या के पीछे जमीन विवाद होने की भी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस को जांच में एक एंगल मिला है, जिस पर टीम काम कर रही है. ऐसे में आधिकारिक खुलासे से पहले हत्याकांड को लेकर चल रहे दावों और कयासों की पुष्टि नहीं की जा सकती.

