सरायकेला: जिले में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. मंगलवार को उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने चौका, चांडिल और कंदरबेड़ा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान सामने आए अवैध बालू कारोबार से संबंधित मामले में चांडिल थाना में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.


जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में खान निरीक्षक द्वारा तीनों क्षेत्रों में जांच और छापेमारी की गई. अभियान के दौरान अवैध बालू खनन, भंडारण एवं परिवहन से जुड़ी गतिविधियों की जांच की गई. इसके बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और छापेमारी अभियान नियमित एवं सतत रूप से जारी रहेगा.

