चाईबासा: मनोहरपुर रेलवे फाटक पर वर्षों से लंबित ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर अब स्थानीय नागरिकों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है. लोगों का आरोप है कि रेलवे विभाग की उदासीनता के कारण आज तक ओवरब्रिज का निर्माण नहीं हो सका, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय नागरिकों के अनुसार मनोहरपुर रेलवे फाटक औसतन 24 घंटे में करीब 18 घंटे बंद रहता है. फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिसका सबसे ज्यादा असर विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों पर पड़ रहा है.
लोगों ने बताया कि कई बार आपातकालीन स्थिति में भी घंटों इंतजार करना पड़ता है. इसके बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोहरपुर स्थित आयरन ओर साइडिंग से दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल को हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है.
वर्ष 2024 के सर्वेक्षण के अनुसार रेलवे फाटक का ट्रैफिक व्हीकल यूनिट (TVU) 3,49,838 दर्ज किया गया है, जो ओवरब्रिज निर्माण की पात्रता को पूरा करता है.
समस्या के समाधान के लिए स्थानीय नागरिकों ने “नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर” का गठन किया है. समिति ने रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण, अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है.
आंदोलन के तहत आनंदपुर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है. समिति के सदस्यों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.
रिपोर्ट: ज्योतिष महाली



