गम्हरिया: थाना क्षेत्र अंतर्गत रापचा के पास सोमवार देर शाम तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे पोल से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान चाईबासा बड़ी बाजार निवासी एमडी शमीम के रूप में हुई है. बताया गया कि उसके पिता का नाम मोहम्मद शौकत है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक दो हिस्सों में बंट गई, जबकि डिवाइडर पर लगा पोल भी टूटकर सड़क के बीच गिर गया. हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक को मृत समझ लिया था.
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल भेजा. फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट: बिपिन वार्ष्णेय



