लोहरदगा: दुर्गा पूजा के बीच लोहरदगा में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर सामने आई. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने झामुमो जिलाध्यक्ष मो. मोजम्मिल अहमद को सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सौहार्द के प्रति उनकी सहभागिता के लिए सम्मानित किया. समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया.



समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मोजम्मिल अहमद दुर्गा पूजा, ईद सहित विभिन्न धर्मों के पर्व-त्योहारों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास करते रहे हैं.
सम्मान मिलने पर मोजम्मिल अहमद ने समिति का आभार जताते हुए कहा कि लोहरदगा की गंगा-जमुनी तहजीब ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है. यहां विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों में शामिल होकर आपसी एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं.

