गिरिडीह: जिले के धनवार प्रखंड की जरीसिंगा पंचायत अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार शाम दुर्गा पूजा का प्रसाद बनाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में चाची-भतीजी की मौत हो गई. पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार विस्फोट की चपेट में 26 वर्षीय कविता देवी और पांच वर्षीय शीतल कुमारी आ गईं.



मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी घर में दुर्गा पूजा का प्रसाद बना रही थीं. इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर बाद सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया. विस्फोट के बाद सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से जा टकराया और कविता देवी तथा उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल इसकी चपेट में आ गईं.
हादसे में शीतल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कविता देवी को परिजन धनवार रेफरल अस्पताल ले जा रहे थे. रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. एक ही परिवार से जुड़ी दो मौतों से मनगसो गांव में दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं.

