लोहरदगा: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन एवं झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में जिले में एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित रोगों से बचाव और रोकथाम को लेकर सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. करीब एक माह से जारी अभियान के तहत युवाओं और आम लोगों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं.


सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने बताया कि सहिया दीदियां घर-घर जाकर लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्राम प्रधान भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

विद्यालयों और महाविद्यालयों में एएनएम एवं सीएचओ के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जानकारी दी जा रही है. इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, दीवार लेखन और पोस्टर के माध्यम से भी लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जा रहा है.

करीब एक माह से चल रहा अभियान अब समापन की ओर है. निर्धारित गतिविधियों को इसी माह पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

