सरायकेला: कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय सियाडीह में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन किया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में अभिभावकों, ग्रामीणों, शिक्षकों एवं विद्यालय से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई समिति का गठन किया गया. बैठक की अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका मेरियम नाग ने की.



बैठक की शुरुआत विद्यालय के विकास, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर चर्चा के साथ हुई. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई. सर्वसम्मति से अर्जुन लोहार को समिति का अध्यक्ष, बुधनी मुंडा को उपाध्यक्ष तथा शिक्षक तारकनाथ मुखी को सचिव चुना गया.

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्जुन लोहार ने सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाया जाएगा.
उपाध्यक्ष बुधनी मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. विद्यालय का विकास ही क्षेत्र के विकास का आधार है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
समिति के सचिव शिक्षक तारकनाथ मुखी ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय और समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है. समिति के सहयोग से शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाएगा. साथ ही स्वच्छता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष पहल की जाएगी.
बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई. उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के अंत में नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं. उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि नई समिति के नेतृत्व में उत्क्रमित उच्च विद्यालय सियाडीह शिक्षा, अनुशासन और विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा.
बैठक में प्रधानाध्यापिका मेरियम नाग, शिक्षक रूपेश मिश्रा, चंद्रमोहन मुंडा, दुर्गा सिंह मुंडा, नंदलाल मुंडा, पुष मुंडा, सुखराम मुंडा, लालसाय मुंडा, लेपा मुंडा, सुनीता मुंडा, बुधराय मुंडा, पवन सिंह मुंडा, कोलाय मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित थे.





