
सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई. अभियान के पहले दिन प्रखंड के 129 पोलियो बूथों पर 9,003 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई. स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत कुल 9,474 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है.


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई में चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुजीत मुर्मू ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया. इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई.

डॉ. सुजीत मुर्मू ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक देना है. उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं.

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे. अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई.
Edited By Sarita






