
बोकारो: जिले के गोमिया से दहेज प्रताड़ना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है. शादी के महज दो महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि दहेज की लगातार मांग और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को गोमिया मोड़ पर रखकर मुख्य सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.


मृतका की पहचान घरवाटांड़ गांव निवासी पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, उसकी शादी 29 अप्रैल को गोमिया पड़रिया निवासी एवं 2018 बैच के दरोगा संतोष यादव से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष टाटा सायरा कार की मांग कर रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर पिंकी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
मृतका के भाई सुधीर यादव ने तेनुघाट ओपी में दिए आवेदन में बताया कि 23 जून को पिंकी के साथ मारपीट की गई थी. घायल अवस्था में उसे गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह मायके आ गई थी. इसके तीन दिन बाद, 26 जून को वह अपने मायके में फंदे से लटकी मिली.
घटना से नाराज परिजनों ने गोमिया मोड़ पर शव रखकर बोकारो-रामगढ़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर तेनुघाट, गोमिया समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था और पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






