
खरसावां: खुंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने शुक्रवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई समेत कई बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया.


दौरे के दौरान सांसद ने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति और जिला प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की सभी समस्याओं को संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा.

सांसद ने लोहरदा, बड़ा गुंटिया, उलीराजाबासा, मटकोबेड़ा, रुईडीह, बड़ा चीरु, केयचालोम और भोया पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की. हर पंचायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया.

दौरे के क्रम में सांसद कालीचरण मुंडा लिटिल स्टार चुरगुई फुटबॉल क्लब के कार्यक्रम में भी शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से खेल के माध्यम से अनुशासन, स्वस्थ जीवन और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
Edited By Sarita





