कुचाई: प्रखंड क्षेत्र स्थित रूगुडीह पंचायत भवन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का नेतृत्व पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा ने किया.


इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई. इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया.
जयंती कार्यक्रम के बाद विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया. ग्रामसभा में स्वच्छता, शिक्षा, ग्राम विकास और सामाजिक एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी रखे.
मुखिया करम सिंह मुंडा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सेवा के बल पर देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि गांधीजी का सपना स्वच्छ, आत्मनिर्भर और मजबूत गांवों का था, जिसे साकार करने के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर काम करना होगा.
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुखिया ने कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया. उनका प्रसिद्ध नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी किसानों और सैनिकों को प्रेरित करता है. उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाकर देश और समाज के विकास में योगदान दिया जा सकता है.
ग्रामसभा के दौरान स्वच्छता अभियान को सफल बनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया करम सिंह मुंडा, रोजगार सेवक परितोष मुर्मू, चंद्र मोहन मुंडा, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे.

