देवघर: के मोहनपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,400 रुपये नकद बरामद किए हैं.


मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 158/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि हिंडोलावरण और सिमरजोर इलाके में ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद एसआईटी टीम का गठन किया गया.
इसके बाद टीम ने हिंडोलावरण से तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे तीनघर के पास नव निर्मित अस्पताल के समीप छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल कुमार, भीम राय, जितेंद्र कुमार, लखन मरांडी और राहुल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें प्रफुल कुमार और लखन मरांडी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के मामले भी दर्ज बताए गए हैं.
छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ब्राउन शुगर की बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
बाइट: प्रवीन पुष्कर, पुलिस अधीक्षक, देवघर.

