जामताड़ा: थाना क्षेत्र के जीतू डांगाल में शुक्रवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर कैंची से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में काजल सिंह नामक युवक घायल हो गया. ग्रामीणों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया.


जानकारी के अनुसार गांव के ही राजा शेख और काजल सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान राजा शेख ने कैंची से काजल सिंह पर वार कर दिया. घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया और बाद में सदर अस्पताल परिसर में उसे घेर लिया.
सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और राजा शेख को अपने साथ थाना ले गई. पुलिस घटना के कारण और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच कर रही है.
पिता चौकीदार, पुराने मामलों को लेकर भी ग्रामीणों ने लगाए आरोप
घटना के बाद यह बात सामने आई कि राजा शेख के पिता जामताड़ा थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं. कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वह पिता के पद का प्रभाव दिखाकर पहले भी मनमानी करता रहा है. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से भी फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
स्थानीय स्तर पर यह दावा भी किया जा रहा है कि पूर्व में सदर अस्पताल परिसर में जेनरेटर जलाए जाने की एक घटना के CCTV फुटेज में राजा शेख दिखाई दिया था. इस पुराने मामले में उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए. फिलहाल पुलिस ताजा घटना की जांच कर रही है. जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही विवाद के कारण तथा लगाए जा रहे अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

