खूंटी: जिले में रामनवमी जुलूस पर हुए पथराव के बाद हालात अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं. मुरहू में तीसरे दिन भी धारा 144 लागू है और क्षेत्र में तनाव बरकरार है. सोमवार को जिले में बंद का व्यापक असर देखने को मिला.

रामनवमी महासमिति, विश्व हिंदू परिषद और अन्य सनातनी संगठनों के आह्वान पर बुलाए गए बंद के कारण खूंटी, तोरपा, रनिया और कर्रा समेत कई इलाकों में दुकानें बंद रही और जनजीवन प्रभावित हुआ. बताया जा रहा है कि रामनवमी जुलूस के दौरान पथराव की घटना के बाद हालात बिगड़ गए थे, जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी, जो अब तीसरे दिन भी जारी है.
वहीं इस घटना को लेकर आरोप- प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है. विहिप और रामनवमी महासमिति के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन ने कार्रवाई के नाम पर निर्दोष हिंदू युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है. साथ ही कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन पुलिस अब तक हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. उनका आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही हमला हुआ, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही. इधर प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक खूंटी में हालात सामान्य होंगे और क्या इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो पाएगी.

