रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन करते हुए नई पदाधिकारियों की सूची जारी की है. इस सूची में सिंहभूम की पूर्व सांसद गीता कोड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिससे खासकर कोल्हान क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

पार्टी द्वारा जारी सूची में विभिन्न जिलों से नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इसमें रामगढ़ के राकेश प्रसाद, खूंटी के नीलकंठ सिंह मुंडा, जमशेदपुर महानगर की आभा महतो, गढ़वा के बालमुकुंद सहाय और भानु प्रताप शाही, रांची पूर्वी के डॉ. प्रदीप वर्मा, दुमका के सुनील सोरेन, गुमला के मुनेश्वर साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है.
इसके अलावा धनबाद ग्रामीण के गणेश मिश्रा, बोकारो के अमर कुमार बाउरी और पलामू के मनोज सिंह को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं गिरिडीह महानगर के दिलीप वर्मा, सरायकेला- खरसावां के शैलेन्द्र सिंह, धनबाद महानगर के सरोज सिंह, रांची महानगर की संगीता सिंह, हजारीबाग के अमरदीप यादव, साहिबगंज की कृष्णा महतो, लोहरदगा के मनोज उरांव और गिरिडीह की शालिनी वैश्यियार को प्रदेश मंत्री बनाया गया है.
संगठन में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं, जिसमें रांची महानगर के दीपक बंका को प्रदेश कोषाध्यक्ष, हेमंत दास को प्रदेश कार्यालय मंत्री और सूरज गुप्ता को प्रदेश सह कार्यालय मंत्री बनाया गया है.
भाजपा का यह कदम संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया माना जा रहा है. पार्टी ने अलग- अलग जिलों से प्रतिनिधित्व देकर क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है.

