जामताड़ा: आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से जामताड़ा पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में विशेष मॉक ड्रिल (Mock Drill) का आयोजन किया गया. यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक Shambhu Kumar Singh के निर्देश पर संपन्न कराया गया.

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई तथा सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अभ्यास किया. इस दौरान पुलिस बल की तत्परता, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया. अधिकारियों ने जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क एवं संयमित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
जामताड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस प्रशासन ने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



