खूंटी: नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ खूंटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 59 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी रांची की ओर से मोटरसाइकिल पर नशीली दवाएं लेकर खूंटी आ रहा था. पुलिस को देखते ही उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे तजना होटल के पास कच्ची सड़क पर पकड़ लिया.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल कुद्दूस कासिफ के रूप में हुई है. उसके पास से नशीली दवाओं के अलावा एक मोटरसाइकिल और POCO कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
सूचना मिली और रास्ते में बिछा पुलिस का चेकिंग जाल
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से रांची से खूंटी की ओर नशीली दवाएं लेकर आ रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई.
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पुलिस की नजर में आई. जवानों ने बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया तो वह रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा.
पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया. तजना होटल के पास आरोपी कच्ची सड़क की ओर निकल गया, लेकिन पुलिस ने पीछा जारी रखा और आखिरकार उसे पकड़ लिया.
मोबाइल खोलेगा नेटवर्क की कड़ियां
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नशीली दवाएं बरामद करने का दावा किया है. मोटरसाइकिल और POCO कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. अब पुलिस की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा यह पता लगाना है कि नशीली दवाएं कहां से लाई गई थीं, खूंटी में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस कारोबार में आरोपी के साथ और कौन- कौन लोग जुड़े हैं. जब्त मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारियां इस नेटवर्क की दूसरी कड़ियों तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती हैं.
मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार NDPS Act की धारा 21(c), 22(b), 22(c), 25 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ नशीली दवाओं की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है.

